झालावाड़ में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के विजय दिवस पर शहीद वीर सैनिकों की याद में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस लाइन चौराहा स्थित अशोक चक्र से सम्मानित शहीद निर्भय सिंह सिसोदिया एवं शहीद मुकुट बिहारी मीणा की प्रतिमा स्थल पर पूर्व सैनिकों और शहीद स्मारक समिति की ओर से हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद इकाई झालावाड़ के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां और शहीद स्मारक समिति के पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मां भारती के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया गया और उनके शौर्य, साहस तथा बलिदान को याद किया गया। शहीद स्मारक समिति के सचिव ओम पाठक ने कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान हमारे लिए प्रेरणादायक है, और हमें भारतीय सैनिकों पर गर्व है। कार्यक्रम में 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले झालावाड़ के पूर्व सैनिक कैप्टन जगन्नाथ, हवलदार श्यामलाल गढ़वाल, पूर्व सैनिक की पत्नी सम्पत देवी और हवलदार जुमा खान को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद स्मारक समिति के भगवती प्रकाश मेहरा, ललित शर्मा, मनजीत सिंह कुशवाह, डॉ. नंदसिंह राठौड़, सालिगराम दांगी, सूरजकरण नागर, अब्दुल नफीस शेख सहित कई पूर्व सैनिक और लोग मौजूद रहे।
इनमें सूबेदार कन्हैयालाल, नायक संजय कुमार शर्मा, हवलदार बजरंग सिंह, नायक राजकुमार पाटीदार, राधेश्याम गुर्जर, नंदलाल, गोविंद सिंह, रामचन्द्र मीणा, मंगू सिंह, दिलीप कुमार और राजेन्द्र भी शामिल थे, जिन्होंने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।


