BTP अध्यक्ष ने BJP, कांग्रेस व BAP पर साधा निशाना:आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने का आरोप, नए जिलाध्यक्ष घोषित

भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वेलाराम घोघरा ने कांग्रेस, भाजपा और बीएपी पर निशाना साधा है। उन्होंने इन पार्टियों पर आदिवासियों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने डूंगरपुर, उदयपुर और बांसवाड़ा जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की भी घोषणा की। बीटीपी अध्यक्ष ने पार्टी की आगामी रणनीति भी साझा की। डॉ. घोघरा ने बताया कि बीटीपी टीएसपी (ट्राइबल सब-प्लान) क्षेत्र में ‘वादा याद दिलाओ अभियान’ चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस और भाजपा सरकारों द्वारा की गई घोषणाओं, योजनाओं, समितियों और आयोगों के गठन सहित अन्य वादों को याद दिलाएंगे। उन्होंने कांग्रेस, भाजपा और बीएपी पर आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने स्थानीय मुद्दों को सुलझाने के बजाय अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए आमजन को आपस में लड़ाने का काम किया है। डॉ. घोघरा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने आदिवासियों के हितों के लिए पेसा कानून, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम सभा को सशक्त बनाने जैसे कानून बनाए, लेकिन ये कानून आज तक धरातल पर लागू नहीं किए गए हैं। उन्होंने जोर दिया कि बीटीपी इन सभी कानूनों को आदिवासियों के हित में लागू करवाने के लिए काम करेगी। बीटीपी अध्यक्ष ने दावा किया कि उनकी पार्टी के आने से पहले कांग्रेस और भाजपा आदिवासियों का विकास नहीं करती थीं, बल्कि उन्हें केवल अपना वोट बैंक मानती थीं। उन्होंने कहा कि अब बीटीपी के आने के बाद दोनों पार्टियां आदिवासी वोटरों को साधने में लगी हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक इन क्षेत्रों में आकर आदिवासियों और उनके नायकों की सुध ले रहे हैं और क्षेत्र के लिए बजट की घोषणाएं कर रहे हैं। डॉ. घोघरा ने इसे भारतीय ट्राइबल पार्टी की उपलब्धि बताया। बीटीपी में एक बार चुनाव लड़ने का नियम, स्वार्थ के कारण नई पार्टी बीएपी बनाई बीटीपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ वेलाराम घोघरा ने भारतीय आदिवासी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज बीएपी के जो नेता है वो कभी भारतीय ट्राइबल पार्टी में हुआ करते थे, लेकिन बीटीपी में एक बार ही चुनाव लड़ने का नियम था। जिसके चलते अपने राजनीतिक स्वार्थ व इगो के चलते इन लोगों ने बीटीपी को छोड़कर बीएपी नई पार्टी का गठन कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ वेलाराम घोघरा ने डूंगरपुर, बांसवाड़ा ओर उदयपुर जिलों के नए जिला अध्यक्षों की घोषणा करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र भी सौंपे। जिसमे दिलीप पणदा को बांसवाडा, सोमचंद पंडवाला को डूंगरपुर और दिनेश कुमार अहारी को उदयपुर जिले का नया जिला अध्यक्ष बनाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *