छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 34 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है। 26 नक्सलियों पर 84 लाख रुपए का इनाम था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 7 महिलाएं और 27 पुरुष शामिल हैं। इनमें केरलापाल एरिया कमेटी, PLGA और मिलिशिया के सदस्य और कमांडर शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सरेंडर करने वाले 34 नक्सलियों में से 5 नक्सलियों का इनाम 8-8 लाख रुपए था। 3 नक्सलियों का इनाम 5-5 लाख रुपए था। वहीं 10 नक्सलियों का इनाम 2-2 लाख रुपए और 7 नक्सलियों का इनाम 1-1 लाख रुपए था। ये नक्सली केरलापाल एरिया कमेटी के DVCM-01, PLGA कंपनी नंबर 2 और अन्य 4 सदस्य, ACM-03, प्लाटून और एरिया कमेटी के पार्टी सदस्य-8, मिलिशिया प्लाटून कमांडर-3, मिलिशिया प्लाटून सदस्य-5, PLGA सदस्य-1 और विभिन्न RPC के CNM/जनताना सरकार अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, DAKMS, KAMS अध्यक्ष/उपाध्यक्ष-9 सक्रिय थे। बीजापुर जिले में 1 जनवरी 2024 से अब तक कुल 824 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं। इसी दौरान 1079 नक्सली गिरफ्तार किए गए और 220 नक्सली मुठभेड़ों में मारे गए।


