बिछिया के पास कटंगा गांव में गुरुवार शाम दो बाघ देखे गए। ये बाघ कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही परिक्षेत्र के बफर जोन में नजर आए। बाघों को देखने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड में भी लोग गाड़ियों की हेडलाइट और टॉर्च की रोशनी में बाघों को देखने देर रात तक डटे रहे। दोनों बाघ झाड़ियों में हुए गायब सूचना मिलने पर कान्हा टाइगर रिजर्व और पूर्व सामान्य वन मंडल के वनकर्मी तथा बिछिया पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित किया, जिससे स्थिति संभाली जा सकी। इसके बाद दोनों बाघ जंगल की झाड़ियों में गायब हो गए। हालांकि, वनकर्मी और पुलिस अभी भी क्षेत्र में मौजूद हैं। बाघों के हमले में कुत्ते और गाय की मौत स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में बाघों की सक्रियता देखी जा रही है। रात के समय अक्सर बाघ दिखाई देते हैं। बुधवार देर रात भी कटंगा गांव में बाघ के हमले में एक कुत्ता और एक गाय की मौत हो गई थी। ग्रामीणों का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे यही बाघ हैं।


