मुरैना। दूध की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने मंगलवार को संभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा अंबाह स्थित विभिन्न मिल्क चिलिंग सेंटरों पर निरीक्षण कर कार्रवाई की गई। इस दौरान दल ने दो प्रमुख डेयरियों से दूध के नमूने एकत्र किए और व्यवस्थाओं की जांच की। रुपहाटी रोड, अम्बाह स्थित मां वैष्णो डेयरी संचालक रामनरेश शर्मा से दूध के 2 नमूने लिए गए। निरीक्षण में डेयरी परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं पाई गई। साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण प्रबंधक की योग्यता अपर्याप्त होने के कारण चिलर पर आने वाले दूध की समुचित जांच नहीं हो पा रही थी। इस पर मिल्क चिलिंग सेंटर के संचालक को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह मुरैना रोड, अंबाह स्थित मां कैलादेवी डेयरी संचालक राजकुमार राठौर से दूध के 3 नमूने लिए गए। यहां भी स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई और गुणवत्ता जांच में लापरवाही सामने आई। इस प्रकरण में भी संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। दूध का सैंपल लेते अधिकारी।


