भास्कर न्यूज | बालोतरा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने मंगलवार को जिले की प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की घोषणा की। नागरिक 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व बालोतरा जिले में कुल 8 लाख 12 हजार 266 मतदाता थे, जिन्हें गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इसमें 7 हजार 65 हजार 222 मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा हुए। 47 हजार 044 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अप्राप्त है। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की वेबसाइट और जिले की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। जिसमें स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं की संख्या 31 हजार 184, मृत मतदाता 10 हजार 437, मतदाता सूची में एकाधिक पंजीकरण 2 हजार 987, अनुपस्थित 2 हजार 325 एवं अन्य 111 मतदाता शामिल है। अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची कारण सहित जिले की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है तथा इसे मतदान केन्द्रों/ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी चस्पा किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है। पूर्व में कुल मतदान केंद्र 853 थे। 92 नवीन मतदान केंद्र सृजित करते हुए जिले में वर्तमान कुल 945 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पुनर्गठन के परिणामस्वरूप जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं वाला कोई भी मतदान केंद्र शेष नहीं है। जिले के वे व्यक्ति जिनका नाम प्रारूप निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं हो पाया है, या जिनके विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, वे निर्धारित समयावधि 15 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। जो व्यक्ति 1 अप्रैल 2026, 1 जुलाई 2026 या 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी फॉर्म-6 भरकर अग्रिम आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। बालोतरा | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पचपदरा-137 में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के संदर्भ में 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूचियों को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है। कार्यक्रम की निरंतरता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पचपदरा-137 में 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक परिगणना प्रपत्रों के ऑनलाइन कार्य को सफलतापूर्वक संपादित किया गया। इसके पश्चात मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार क्षेत्र के समस्त 293 मतदान केंद्रों पर प्रारूप-5 के तहत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पचपदरा-137 के राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्रवार प्रारूप मतदाता सूची की एक-एक हार्ड कॉपी का सेट एवं पेन ड्राइव के माध्यम से सॉफ्ट कॉपी भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करवाई गई। इसी क्रम में क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की ओर से प्रारूप-5 नोटिस का चस्पांकन किया गया। साथ ही राजनीतिक दलों के बीएलए-2 एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर मतदाता सूची का पठन किया गया। इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भी प्राप्त किए गए। निर्वाचन अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता हो, तो निर्धारित समय-सीमा में संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचन कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची को अंतिम रूप से शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।


