गुणवत्ता का ध्यान रख कार्यक्षमता बढ़ाकर पूरा करें काम

भास्कर संवाददाता | बड़वानी शहर में सीवरेज काम में आ रही समस्या को लेकर कलेक्टर जयति सिंह ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर निर्माणाधीन विकास कामों का निरीक्षण किया। उन्होंने मप्र अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) द्वारा क्रियांवित की जा रही सीवरेज परियोजना, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और वेंडर मार्केट के कामों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल चौक, तुलसीदास मार्ग और झंडा चौक में चल रहे सीवरेज लाइन बिछाने के कामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी और विभाग को निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए। मजदूरों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्यक्षमता में वृद्धि की जाए। तकनीकी मानकों का पालन करते हुए काम में गति लाई जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा हो ताकि आम लोगों को खुदाई और अन्य समस्याओं से जल्द राहत मिल सके। जहां-जहां सीवरेज लाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई है। वहां तुरंत सड़क के पुन स्थापन का काम करने के निर्देश दिए ताकि आवागमन में लोगों को असुविधा न हो। कलेक्टर ने मंगलवार को निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी दौरा किया। उन्होंने प्लांट की वर्तमान प्रगति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि काम में गति लाई जाए। इसके बाद उन्होंने नगरीय क्षेत्र में बन रहे वेंडर मार्केट के निर्माण काम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ नगरपालिका बड़वानी, समझौता के अधिकारी, विभागीय इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *