प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 12 नंबर पर बन रहे पीएम आवास मई तक लोगों को मिल जाएंगे। सबसे पहले एमआईजी फ्लैट के ब्लॉक 1 का कार्य जनवरी 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। साल 2017 में राजधानी का पहला प्रोजेक्ट 12 नंबर स्टॉप पर शुरू हुआ था। यहां ईडब्ल्यूएस से लेकर एमआईजी के कुल 1,224 फ्लैट का काम शुरू हुआ था। हालांकि, अभी तक यह पूरा नहीं हो पाया है। महापौर मालती राय मंगलवार को इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंचीं तो खरीदार भी पहुंच गए। उन्होंने देरी का कारण पूछा तो महापौर ने बताया कि रेरा की मंजूरी मिलने में देरी हुई। अब मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि मई में लोगों को फ्लैट मिल जाएंगे। 12 नंबर स्टॉप आवासीय परियोजना में 216 एमआईजी, 576 एलआईजी तथा 432 ईडब्ल्यूएस समेत कुल 1224 आवास बनाए जा रहे हैं। 21 लोकेशन पर बन रहे पीएम आवास भोपाल में कुल 21 अलग-अलग लोकेशन पर पीएम आवास के 11,500 हजार मकान बन रहे हैं। इनकी कीमत 5.50 लाख से लेकर 55 लाख तक है। इनमें से 5,562 आवास पूरे हो चुके हैं।


