जेवर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के सेवानिवृत्त एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नरेंद्र सिंह (66) की मौत के मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक के बेटे विश्वेंद्र अत्री की शिकायत पर गांव के टेकचंद, नरायण, तुषार, सुनील और पंकज पर केस दर्ज किया गया है। घटना शनिवार रात साढ़े आठ बजे की है। विश्वेंद्र का आरोप है कि आरोपियों ने उनके पिता पर लाठियों से जानलेवा हमला किया। पिछले दो साल से आरोपियों के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत की है। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि के बावजूद केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


