वेस्टर्न डिस्टरबेंस के खत्म होते ही राजस्थान में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने जोर पकड़ लिया है। रात के तापमान में गिरावट होने से कड़ाके की ठंड शुरू हो चुकी है। वहीं, घने कोहरे से भी जनजीवन प्रभावित हो रहा है। श्रीगंगानगर में बुधवार सुबह कोहरा छाने से विजिबिलिटी 4 मीटर रह गई। सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम होने से आवाजाही भी कम है और वाहन चालक हेडलाइट जलाकर चल रहे हैं। मंगलवार को श्रीगंगानगर में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी नीचे है। बुधवार सुबह भी पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरा इसी तरह बना रहेगा। कोहरे के कारण मंगलवार सुबह श्रीगंगानगर-अबोहर मार्ग पर गांव सप्पांवाली के पास दो कारों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 5 जने घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने घायलों को नजदीक के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहीं, जनता ट्रक यूनियन पुलिया के पास एक कार नहर में गिर गई। कार का अगला हिस्सा नहर में लटक गया। गनीमत रही कार सवार लोग चोटिल नहीं हुए। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। धुंध के दौरान सड़क दिखाई नहीं देने से कार नहर की तरफ चली गई और गिर गई।


