नागौर के खारी कर्मसोता स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों का सम्मान कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में आज मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट मय सिम कार्ड वितरित किए गए। 8वीं बोर्ड परीक्षा 2024 में विद्यालय के 5 विद्यार्थियों ने स्टेट मेरिट में स्थान हासिल करते हुए राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजना के तहत टैबलेट हासिल किए हैं। विद्यालय में टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। टैबलेट वितरण कार्यक्रम में भामाशाह तोलाराम मेघवाल, पुलिस सेवा राष्ट्रीय पदक अवॉर्डी भीखसिंह राठौड़, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक प्रजापत बतौर अतिथि मौजूद थे। अतिथियों ने बोर्ड परीक्षा की स्टेट मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले प्रभात चौधरी, गगन कंवर, डिंपल जाखड़, मनीष गोरचिया और आकांक्षा बोराणा को टेबलेट भेंट किए। पुलिस सेवा राष्ट्रीय पदक अवॉर्डी भीखसिंह राठौड़ ने देश की करेंसी की सही पहचान, छपने की प्रकिया, उसके संचालन तथा नियंत्रण की कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी दी। भीखसिंह ने लगभग 180 देशों करेंसी कलेक्शन दिखाकर बच्चों को समझाया। खिलजी व मौर्य काल में प्रचलित अति दुर्लभ सिक्के भी दिखाए। प्रधानाचार्य अखाराम प्रजापत ने अतिथियों का स्वागत किया।


