राजगढ़ जिले में शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण सुबह से जनजीवन प्रभावित रहा। मौसम विभाग के मुताबिक जिले में कोल्ड वेव का दौर शुरू हो चुका है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री और गिरा है। मंगलवार को यह 5.4 डिग्री था। राजगढ़ के साथ भोपाल, रायसेन, शाजापुर और सीहोर जिलों में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर और तेज हो गया है। सुबह 9 बजे तक छाया रहा घना कोहरा बुधवार सुबह खिलचीपुर से जीरापुर मार्ग पर घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में सुबह करीब 9 बजे तक दृश्यता बेहद कम रही। कोहरे के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई और सड़कों पर रफ्तार धीमी रही। कई जगहों पर सड़कें देर तक सुनसान नजर आईं। बाजारों में सन्नाटा, अलाव बने सहारा कड़ाके की ठंड के चलते सुबह के समय बाजारों में रौनक कम रही। लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले और ऊनी कपड़ों में पूरी तरह ढंके नजर आए। शहर और ग्रामीण इलाकों के चौराहों, बस स्टैंड और बाजारों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत लेते दिखे। प्रदेश के ठंडे शहरों में राजगढ़ शामिल प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान गिरवर (शाजापुर) रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद मंदसौर 4.6 डिग्री, भोपाल 4.8 डिग्री, जबकि राजगढ़ 5 डिग्री तापमान के साथ ठंडे शहरों में शामिल रहा। पचमढ़ी भी ठंडे इलाकों में दर्ज हुआ। आगे भी राहत के आसार नहीं मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक शीतलहर, ठंडी हवाएं और सुबह-शाम घना कोहरा बना रह सकता है। लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।


