प्रतापगढ़ के हथुनिया थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बालिका भावना मेघवाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने सेमली गांव के एक झोलाछाप चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक साल पहले लगाया था इंजेक्शन मृतका के दादा राधेश्याम मेघवाल ने हथुनिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सेमली गांव का मुकेश मालवीय, जिसने नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रखा है, गांव में घूम-घूमकर मरीजों का प्राथमिक उपचार करता है। करीब एक वर्ष पहले मुकेश ने भावना को एक इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। अहमदाबाद ले जाते वक्त दम तोड़ा राधेश्याम मेघवाल ने बताया- इंजेक्शन लगने के बाद से ही भावना का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता चला गया और उसका विभिन्न जगहों पर इलाज चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन के कारण ही बच्ची की हालत बिगड़ती गई। मंगलवार को उसकी हालत गंभीर होने पर उसे अहमदाबाद रेफर किया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस कर रही जांच हथुनिया थाना पुलिस के जांच अधिकारी नरपाल सिंह ने बताया- बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे मृतका के दादा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।


