धौलपुर की कोतवाली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित चंबल बजरी की तस्करी को रोकने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से बजरी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। पुलिस को देख तस्कर मौके से फरार हो गए। डीएसटी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोरोली मोड़ और बनखंडी हनुमान मंदिर के पास यह कार्रवाई की। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के सब इंस्पेक्टर कैलाश चंद्र ने बताया कि क्षेत्र में घड़ियाल अभयारण्य होने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने चंबल से बजरी निकालने पर प्रतिबंध लगा रखा है। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अवैध खनन रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


