कोटा में आज कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। प्रदर्शन में शहर व देहात कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सरकार ने सरकारी एजेंसियों का मनमाने ढंग से इस्तेमाल किया
कोटा शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा- सत्ता में बैठी सरकार राजनीतिक षड्यंत्र के तहत सरकारी एजेंसियों का मनमाने ढंग से इस्तेमाल कर रही है। अब सत्य की जीत हुई है और सत्यमेव जयते का नारा एक बार फिर साबित हुआ है। जिन नेताओं पर झूठे मुकदमे लगाए गए थे, वे खारिज हो चुके हैं। यह सब पीएम के इशारे पर हो रहा है। इसके विरोध में आज पुतला दहन किया गया। नेता बोले-मोदी सरकार ने कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश
कोटा कांग्रेस देहात जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया गया। भानु प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय ने दोनों नेताओं को क्लीन चिट दे दी है। न तो किसी प्रकार की मनी लॉन्ड्रिंग हुई और न ही कोई गबन। इसके बावजूद ईडी की ओर से सोनिया गांधी से 8 से 10 घंटे तक पूछताछ की गई, जबकि उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता। इसी अन्याय और राजनीतिक दबाव के विरोध में आज कोटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।


