उदयपुर के ऋषभदेव में स्थानीय प्रशासन ने नए बस स्टैण्ड और बाजार में बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। देवस्थान विभाग, ग्राम पंचायत, तहसील और पटवार मंडल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे और सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी के विरोध के बाद गहमागहमी की स्थिति बन गई। अहारी ने बिना किसी पूर्व सूचना के ठेले वालों को हटाने को लेकर नाराजगी जताई। अहारी ने कार्रवाई को एकतरफा बताया। अधिकारियों का कहना था कि अतिक्रमण से जाम की स्थिति लगने के कारण यह कार्रवाई की गई। शेड, थड़े, ठेलों को हटवाया, नहीं लगाने की चेतावनी दी
देवस्थान विभाग के अधिकारी, तहसीलदार आशीष सोनी, ग्राम विकास अधिकारी भूपेश भट्ट और पटवारी मुकेश पंचाल, रेवेन्यू इंस्पेक्टर राजकुमार की मौजूदगी में टीम जाब्ते के साथ बस स्टैंड पहुंची। टीम ने नए और पुराने बस स्टैंड पर दुकानदारों द्वारा अपनी सीमा से बाहर निकाले गए शेड, थड़े और अन्य अस्थाई निर्माणों को हटवाया। इस दौरान रास्ते को बाधित कर रहे अवैध ठेलों को भी हटाया गया। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि वे तय सीमा के भीतर ही व्यापार करें। वापस अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने जताई आपत्ति नानालाल अहारी ने कहा कि गरीबों और छोटे ठेले वालों को हटाने से पहले उन्हें सूचना दी जानी चाहिए थी। इन दुकानदारों के पास रोजी-रोटी का दूसरा कोई साधन नहीं है। प्रशासन को चाहिए कि पहले इन ठेले वालों के लिए कोई व्यवस्थित जगह (वेंडिंग जोन) आवंटित करें, ताकि वे अपना व्यापार कर सकें। इनपुट: शुभम जैन, ऋषभदेव


