सीहोर में सरिया-सीमेंट कारोबारी पर जीएसटी का छापा:स्टॉक, दस्तावेज मिलान के साथ कम्प्यूटराइज्ड रिकॉर्ड की जांच

सीहोर शहर के बिजली घर चौराहा स्थित सरिया एवं सीमेंट कारोबारी मै. खेमचंद मदनलाल मामाजी चूने वाले के प्रतिष्ठान पर बुधवार दोपहर स्टेट जीएसटी टीम ने छापा मारा। भोपाल से आई इस टीम में एक दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल थे, जिनमें महिला अधिकारी भी मौजूद थीं। टीम दोपहर में प्रतिष्ठान पर पहुंची और वहां मौजूद सीमेंट व सरिया के स्टॉक की जांच शुरू की। इसके साथ ही, टीम कारोबार से संबंधित बिल, वाउचर, खरीद-बिक्री रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन कर रही है। इस कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान पर कुछ समय के लिए सामान्य व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। सूत्रों के मुताबिक, जीएसटी टीम द्वारा टैक्स से संबंधित अनियमितताओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान किया, साथ ही कम्प्यूटराइज्ड रिकॉर्ड की भी पड़ताल की। कार्रवाई को लेकर गोपनीयता बनाए रखी गई है, और टीम के अधिकारी किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से बचते नजर आए। जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हलचल देखी गई। स्टेट जीएसटी टीम के कुछ सदस्य प्रतिष्ठान संचालक के बेटे को अपने साथ उनके घर और अन्य स्थानों पर जांच के लिए ले गए हैं। इन जगहों पर भी पड़ताल जारी है। खबर लिखे जाने तक जांच में किसी प्रकार की ठोस अनियमितता सामने आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जीएसटी टीम की जांच देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट की जाएगी और यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *