किसानों को 40 हजार करोड़ का ब्याज मुक्त लोन:पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने भंडारी शिविर में सरकार की उपलब्धि बताई

प्रदेश सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चौरासी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भंडारी में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ और महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने शिविर में भाग लिया। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा को जिताने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को लगभग 40 हजार करोड़ रुपए का बिना ब्याज लोन उपलब्ध कराया है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। राठौड़ ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्षों के विकास कार्य कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल पर भारी हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को “पर्ची और खर्ची की सरकार” बताते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान पेपर लीक जैसी घटनाओं ने बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। इसके विपरीत राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा सरकार के दो वर्षों में एक भी पेपर लीक का मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतियोगी परीक्षाएं निर्विवाद और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई हैं। वर्तमान सरकार द्वारा 1 लाख 35 हजार से अधिक भर्तियां निकाली जा रही हैं और प्रदेश में 13 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। पूर्व मंत्री राठौड़ ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार ने दो वर्षों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने जागरूकता रथ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से सरकार की सफलता की कहानियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री के जरिए यह बताया जा रहा है कि भाजपा सरकार के दो वर्ष कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों से कहीं अधिक प्रभावी रहे हैं। उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनाव में एकजुट होकर भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *