अलवर में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। सरकार केवल कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी द्वारा हाल ही में दाखिल की गई चार्जशीट को दिल्ली की अदालत ने खारिज कर दिया, जिससे यह साफ हो गया कि बिना सबूतों के कांग्रेस नेताओं को परेशान किया जा रहा था। गंगावत ने कहा कि आज का पुतला दहन इसलिए किया गया है ताकि सरकार को यह संदेश दिया जा सके कि जनता संविधान के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों को बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। वहीं अल्पसंख्यक के जिलाध्यक्ष शाहन खान ने कहा कि मोदी सरकार ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। अदालत के फैसले से यह साबित हो गया है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें नाजायज रूप से परेशान किया गया। इसी के विरोध में पुतला दहन किया गया, ताकि आम जनता को संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग की सच्चाई समझ में आ सके। प्रदर्शन में अलवर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दिनबंधु शर्मा सहित अन्य कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। करीब आधे घंटे तक शहर के नंगली सर्किल पर प्रदर्शन किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।


