अमृतसर में आज 25 एनसीसी कैडेट्स दिल्ली तक की 700 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पर निकले। 7 जनवरी को हुसैनीवाला बॉर्डर से शुरू हुई यह यात्रा 20 जनवरी को दिल्ली में खत्म होगी। इसके जरिए कैडेट्स देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अमृतसर के गोल्डन गेट से मेजर जनरल कार्तिक सी शेषाद्रि और ओलिंपिक लीजेंड ब्रिगेडियर हरचरण सिंह ने कैडेट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कर्नल सोमबीर डब्बास और हवलदार परमजीत सिंह के नेतृत्व में लड़के और लड़कियों के इस दल ने अमृतसर में सारागढ़ी स्मारक और पंजाब स्टेट वॉर हीरोज मेमोरियल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित इस यात्रा में कैडेट्स खेमकरण के युद्ध क्षेत्र, जलियांवाला बाग, करतारपुर का जश्न-ए-आजादी स्मारक और खटकड़ कलां स्मारक जैसे ऐतिहासिक स्थलों से होकर गुजरेंगे। यात्रा का समापन 20 जनवरी को गुरुग्राम स्थित डीजी एनसीसी कैंप में होगा। एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर कुलप्रीत सिंह बावा ने युवाओं को संदेश दिया कि वे विदेशों में छोटे-छोटे काम करने की बजाय अपने देश में रहकर अपना भविष्य बनाएं।


