सिवनी के छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनादौन मार्ग पर नेशनल हाईवे 44 पर एक सड़क हादसा हुआ। छपारा के पास एक खड़े ट्रक से पीछे से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक टकरा गया। हादसे में कंटेनर ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वह ट्रक के भीतर फंस गया। घटना बुधवार शाम करीब 4:30 बजे की है। लोगों की सहायता से ट्रक में फंसे घायल चालक को निकाला प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से ट्रक में फंसे घायल चालक को बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा भेजा गया है। कंटेनर ट्रक सिवनी की ओर से जबलपुर जा रहा था पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कंटेनर ट्रक सिवनी की ओर से जबलपुर जा रहा था। छपारा थाना प्रभारी खेमेंद्र जेतवार ने बताया कि उन्हें कंटेनर ट्रक के टकराने की सूचना मिली थी। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घायल चालक के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां लोगों और वाहनों का आवाजाही अधिक रहता है। यदि घटना के समय वहां अधिक लोग या वाहन मौजूद होते, तो यह एक बड़ा हादसा हो सकता था।


