जयपुर म्यूजिक स्टेज ने 15 से 17 जनवरी 2026 तक होने वाले अपने आगामी संस्करण की शानदार संगीत श्रृंखला की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित संगीत मंच हर वर्ष जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के साथ आयोजित किया जाता है और इस बार भी होटल क्लार्क्स आमेर में संगीत प्रेमियों को तीन दिन तक यादगार लाइव प्रस्तुतियों का अनुभव मिलेगा। देश के समकालीन, इंडी और शैली-मिश्रित संगीत को समर्पित जयपुर म्यूजिक स्टेज 2026 में भारत के जाने-माने और उभरते कलाकार एक साथ मंच साझा करेंगे, जो भारतीय स्वतंत्र संगीत परिदृश्य की विविधता और ऊर्जा को दर्शाएंगे। 15 जनवरी: सुरों की भावनात्मक शुरुआत उद्घाटन संध्या में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सरोद वादक सौमिक दत्ता अपने विशेष प्रोजेक्ट ट्रेवलर्स के साथ प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम सरोद, एम्बिएंट साउंड, फील्ड रिकॉर्डिंग और स्पोकन वर्ड का अनूठा संगम होगा, जो उनके ‘मेलोडीज इन स्लो मोशन’ इंडिया टूर का हिस्सा है। इसी शाम वासु दीक्षित कलेक्टिव अपनी ऊर्जावान इलेक्ट्रॉनिक-फोक शैली के साथ मंच पर उतरेगा, जिसमें कन्नड़ और हिंदी लोक परंपराओं की आधुनिक व्याख्या देखने को मिलेगी। 16 जनवरी: इंडी म्यूजिक की दमदार आवाजें दूसरे दिन मंच संभालेगा मशहूर रॉक बैंड परवाज, जो अपने प्रोग्रेसिव और साइकेडेलिक रॉक के लिए जाना जाता है। उनका नया एल्बम ना गुल ना गुलिस्तां अंतरराष्ट्रीय इंडी चार्ट्स में शीर्ष पर रहा है। इसके साथ सिंगर-सॉन्गराइटर रमन नेगी अपनी सोलो पहचान के साथ प्रस्तुति देंगे। वे पहले लोकप्रिय इंडी बैंड द लोकल ट्रेन के फ्रंटमैन रह चुके हैं। जयपुर का प्रतिनिधित्व लोक-फ्यूजन बैंड युग्म करेगा। जो सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानियों को संगीत के जरिए पेश करता है। 17 जनवरी को होगा समापन अंतिम दिन 17 जनवरी को समापन कार्यक्रम में देश के सबसे लोकप्रिय लाइव बैंड्स में से एक थाईक्कुडम ब्रिज की हाई-एनर्जी प्रस्तुति से होगा। 15 सदस्यीय यह बैंड अपनी क्रॉस-जॉनर संगीत शैली और वैश्विक टूरिंग के लिए प्रसिद्ध है।साथ ही मंच पर गौली भाई होंगे, जो नेपाली लोक, रॉक, ब्लूज़, हिप-हॉप और अफ्रोबीट को एक अनोखे अंदाज में पेश करता है। जयपुर म्यूजिक स्टेज के फेस्टिवल प्रोड्यूसर अविक रॉय ने कहा कि जयपुर म्यूजिक स्टेज का उद्देश्य भारत के स्वतंत्र संगीत कलाकारों को एक सशक्त मंच देना है। हमें खुशी है कि देशभर के बेहतरीन कलाकार भारत के सबसे प्रतिष्ठित साहित्य महोत्सव के साथ इस मंच पर प्रस्तुति देंगे।


