छिन्दवाड़ा जिले के आदिवासी अंचल के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) जुन्नारदेव में एक डॉक्टर ने मरीज को गाली दी। अस्पताल में पदस्थ संविदा चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अमनदीप पखरिया पर मरीजों और उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया। मामले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक जुन्नारदेव इस प्रकरण में डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने की मांग पर अड़ी हुई है। गोंडवाना पार्टी ने की एफआईआर की मांग
गोडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अधिकारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि 15 दिसंबर 2025 की देर रात इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा आदिवासी अंचल के मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पार्टी का आरोप है कि इससे पहले भी डॉक्टर के व्यवहार को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। शिकायत के अनुसार, सामने आए वीडियो में डॉक्टर गाली-गलौच करते हुए और लोगों को जेल भिजवाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। बीएमओ ने किया कार्यमुक्त
मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 16 दिसंबर को CMHO के आदेश पर डॉक्टर अमनदीप पखरिया का स्थानांतरण जुन्नारदेव से हर्रई के बटकाखापा कर दिया। इसके अगले दिन 17 दिसंबर को BMO द्वारा उन्हें कार्यमुक्त (रिलीव) किए जाने के आदेश जारी कर दिए गए। हालांकि, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का कहना है कि केवल स्थानांतरण और कार्यमुक्ति पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। पार्टी नेताओं का स्पष्ट कहना है कि मामला आपराधिक प्रकृति का है, इसलिए डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पार्टी ने इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने की भी मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि FIR दर्ज नहीं की गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।


