करीला में बोरवेल होगा, पानी टंकियां रखाएंगी:रंगपंचमी के मेले के लिए पार्किंग टेंडर शुरू करने वाले कलेक्टर

अशोकनगर जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मां जानकी माता मंदिर करीला धाम पर 8 मार्च को रंगपंचमी के अवसर पर तीन दिवसीय वार्षिक मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले की पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर आदित्य सिंह और पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बुधवार को करीला धाम का दौरा किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने करीला पहुंचने वाले मार्गों पर बने पार्किंग स्थलों का मुआयना किया। कलेक्टर ने पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, आवागमन और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर बोरवेल कराने और पानी की टंकी रखवाने के भी निर्देश दिए। साथ ही, पार्किंग के लिए टेंडर प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा। कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि करीला धाम आने वाले वीआईपी मूवमेंट के लिए उचित व्यवस्था हो और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करने, पेयजल, लाइट और साफ-सफाई के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए। मेला परिसर की सड़कों को पक्का करने और सड़क के दोनों ओर आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुकानें न लगाने के संबंध में सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने करीला पहुंचने के लिए मुख्य मार्ग के अतिरिक्त ऑप्शनल मार्ग की व्यवस्था हेतु स्थल चिह्नांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले की सतत निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *