बांसवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती की शादी के कुछ दिनों बाद ही शादी तुड़वाने की नीयत से उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने युवती के चरित्र को बदनाम करने और उसका रिश्ता तुड़वाने के उद्देश्य से इन तस्वीरों को सार्वजनिक किया। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल बुधाराम बिशनोई ने बताया कि रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साजिश के तहत की फोटो डाली पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इसी बीच महिला ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से AI जनरेटेड युवती की कुछ अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। पिता का आरोप है कि इस कृत्य के पीछे मुख्य उद्देश्य युवती की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना और उसकी कुछ दिनों पहले हुई शादी को तुड़वाना है। इस घटना के बाद से पीड़िता और उसका पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव में है। आईटी एक्ट में मामला दर्ज कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब यह तकनीकी जांच कर रही है कि तस्वीरें सबसे पहले किस प्लेटफॉर्म से और किन-किन लोगों को भेजी गईं। साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि आरोपी महिला के पास युवती की ये निजी तस्वीरें कहां से और कैसे पहुंचीं।


