ब्यावर में पेंशनर समाज की जिला शाखा ने बुधवार को अपना 44वां पेंशनर दिवस मनाया। यह समारोह एक गार्डन में आयोजित किया गया, जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट मुख्य अतिथि और जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और पेंशन प्रणेता स्वर्गीय डी.के. नकारा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पारंपरिक रूप से माल्यार्पण और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। सांस्कृतिक मंत्री राजेंद्र बाड़मेर की टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। संस्था अध्यक्ष नारायण सिंह पंवार ने अपने स्वागत भाषण में पेंशनरों के हितों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पेंशनर भवन के लिए भूखंड आवंटन की मांग रखी। साथ ही, आठवें वेतन आयोग का लाभ पेंशनरों को दिए जाने की मांग को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। पंवार ने पेंशनर सेवा सप्ताह के तहत की गई विभिन्न सेवाओं का भी उल्लेख किया। इनमें गोशाला में हरा चारा, कबूतरखाने में दाना और महावीर भोजन शाला में निःशुल्क भोजन जैसी गतिविधियां शामिल थीं। समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने पेंशनरों को अनुभवों का सागर बताया और उन्हें जीवन में आशावादी रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ब्रह्म लाल जाट ने पेंशनरों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए पेंशनर भवन के लिए शीघ्र भूमि आवंटन का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रशासन, चिकित्सा, सहकारिता, पत्रकारिता और समाजसेवा से जुड़े कई अतिथियों और भामाशाहों को सम्मानित किया गया। मनोरंजन कार्यक्रमों में नाजमीन बानो का एकल नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने दर्शकों की सराहना बटोरी। इसके अतिरिक्त, ‘जिंदगी एक सफर है सुहाना’ गीत की प्रस्तुति ने भी माहौल को खुशनुमा बनाया। स्टेज कार्यक्रम के बाद पेंशनरों के लिए कुर्सी रेस और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। इस समारोह में बड़ी संख्या में पेंशनर, उनके परिजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


