चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का होगा रीडेवलपमेंट, जल्द लिया जाएगा प्रस्ताव:पश्चिम रेलवे जीएम का चित्तौड़गढ़ दौरा, स्टेशन निरीक्षण में साफ-सफाई देख खुश हुए

चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का रीडेवलपमेंट होगा और इसके लिए प्रस्ताव लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता आज बुधवार को चित्तौड़गढ़ दौरे पर आए। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ एक ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से बहुत जरूरी शहर है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में स्टेशन को आधुनिक, सुविधाजनक और आकर्षक बनाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्टेशन के पुनर्विकास की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत स्टेशन की संरचना, यात्री सुविधाएं, एंट्री और एग्जिट व्यवस्था सहित कई जरूरी बदलाव किए जाएंगे। महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि रीडेवलपमेंट को प्राथमिकता में लिया गया है और जल्द ही इसे स्वीकृति देकर काम शुरू किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण में स्टेशन की साफ-सफाई देख जीएम ने खुशी जताई बुधवार को चित्तौड़गढ़ पहुंचे पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, फुटओवर ब्रिज और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। स्टेशन पर बेहतर सफाई व्यवस्था देखकर वे काफी खुश नजर आए। उन्होंने स्टेशन मास्टर और रेलवे कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ स्टेशन यात्रियों को अच्छा अनुभव देता है। उन्होंने निर्देश दिए कि साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को इसी तरह नियमित रूप से बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए भी अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। ऐतिहासिक महत्व के कारण चित्तौड़गढ़ स्टेशन का महत्व लगातार बढ़ा निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक गुप्ता ने कहा कि चित्तौड़गढ़ ऐतिहासिक नगरी है और यहां का किला व अन्य पर्यटन स्थल देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। इसी कारण यहां आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि भविष्य में चित्तौड़गढ़ होकर कई नई ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए स्टेशन का रीडेवलपमेंट समय की जरूरत है, ताकि आने वाले सालों में यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। रतलाम मंडल के रेलखंडों का निरीक्षण कर दिशा निर्देश अपने दौरे के कार्यक्रम के तहत महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने रतलाम मंडल के अंतर्गत चित्तौड़गढ़–नीमच–रतलाम रेलखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्रमुख अधिकारियों के साथ मिलकर स्टेशन और रेललाइन की व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नीमच-रतलाम रेललाइन का दोहरीकरण पश्चिम रेलवे की एक जरूरी परियोजना है। इसके दोहरीकरण का काम मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और रेलवे इसे समय पर पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा प्राथमिकता, ट्रैक पर मवेशियों से निपटने प्रयास महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की पहली प्राथमिकता सुरक्षा है। रेलवे की गति बढ़ने के साथ दुर्घटनाओं में काफी कमी आई है, लेकिन ट्रैक पर मवेशियों का आना अब भी एक गंभीर समस्या है। इस समस्या से निपटने के लिए रेलवे द्वारा ट्रैक के दोनों ओर फेंसिंग का काम किया जा रहा है, जिसे चरणबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने मवेशियों को नियंत्रित रखें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। रीडेवलपमेंट में भव्य स्वरूप, नई इमारतें और सुविधाएं महाप्रबंधक गुप्ता ने बताया कि चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का रीडेवलपमेंट ऐतिहासिक स्वरूप को ध्यान में रखकर किया जाएगा। वर्तमान में स्टेशन की संरचना किले के रूप में है, जिसे और ज्यादा भव्य और आकर्षक बनाया जाएगा। इंट्रो और एग्जिट को सुगम किया जाएगा, अतिरिक्त एंट्री गेट बनाए जाएंगे और पार्किंग की बेहतर सुविधा विकसित की जाएगी। स्टेशन बिल्डिंग और फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का भी प्रस्ताव है। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में स्थित पुराना और क्षतिग्रस्त जीआरपी थाना हटाकर नई जीआरपी बिल्डिंग और सुरक्षित ढांचा बनाया जाएगा। पुरानी जर्जर इमारतों को हटाकर आधुनिक निर्माण किया जाएगा। इन सभी कार्यों को जल्द स्वीकृति देकर निर्माण शुरू किया जाएगा, जिससे चित्तौड़गढ़ स्टेशन एक आधुनिक और सुविधाजनक रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *