जुन्नारदेव कपड़ा बाजार में फिर लगी आग:चाय दुकान के सिलेंडर से अचानक उठीं लपटें, आधे घंटे बाद पाया काबू

छिंदवाड़ा जिले जुन्नारदेव शहर के मुख्य कपड़ा बाजार में स्थित गुरु चाय दुकान में गैस सिलेंडर से अचानक भीषण आग भड़क गई। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकान से गैस सिलेंडर को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश बघेल, उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका के अग्निशमन यंत्र और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही कपड़ा बाजार में आग की एक बड़ी घटना हो चुकी है, जिसमें कई दुकानें आग की चपेट में आ गई थीं। बाजार की संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को अंदर पहुंचने में भारी परेशानी होती है, जिससे भविष्य में बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। कपड़ा बाजार क्षेत्र में यह तीसरी बार आग लगने की घटना है। पूर्व में हुई घटनाओं में व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था, हालांकि इस बार समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान होने से बच गया। स्थानीय व्यापारियों ने नगर पालिका से अतिरिक्त अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *