चुनावी रंजिश में दबंगों ने कुल्हाड़ी-डंडों से हमला किया:15 लोगों पर केस दर्ज, 2 महिलाएं सहित 5 लोग घायल

विजयपुर थाना अंतर्गत दौर्द गांव में चुनावी रंजिश में 15-20 लोगों ने दो महिलाओं सहित 5 लोगों पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला कर दिया है। घटना गुरुवार देर शाम की है। घायलों को विजयपुर के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दरअसल, पीड़ित पक्ष के बंटी जाटव के अनुसार, पिछले महीने हुए विधानसभा उपचुनाव में जाटव समाज के लोगों ने रावत समाज की इच्छा के विपरीत मतदान किया था। जिस वजह से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी बात को लेकर रावत समाज के 15-20 लोगों ने कल (9 जनवरी) को जाटव समाज के लोगों पर लाठी, कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान दबंगों ने जाति आधारित टिप्पणी भी की। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, विजयपुर पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इनका क्या कहना है घटना को लेकर दौर्द गांव निवासी कल्लू जाटव का कहना है कि, विधानसभा उपचुनाव के समय से ही लगातार दलितों को परेशान किया जा रहा है। रावत समाज के लोग हार का बदला लेने के लिए ऐसा कर रहे हैं। यह उनके पूरे समाज की सहमति से हो रहा है। 15-20 नशेड़ी युवक हमेशा शराब के नशे में धुत रहकर समाज के लोगों से गाली-गलौज के साथ मारपीट करते हैं। उन्होंने ही इस घटना को अंजाम दिया है। इधर, विजयपुर एसडीओपी राघवेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि, रावत समाज के लोगों ने दलित समाज के लोगों की मारपीट की है इस तरह की शिकायत मिली है, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *