नटेरन में विदिशा-अशोकनगर नवीन हाईवे निर्माण कार्य में लगे एक डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मृत्यु हो गई। यह घटना आज शाम लगभग 7 बजे नटेरन की घनी आबादी वाली इंद्रा कॉलोनी में हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने बस स्टैंड पर चक्का जाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद लोग माने। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए सामग्री ले जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर इंद्रा कॉलोनी से गुजर रहा था। इसी दौरान नटेरन निवासी 55 वर्षीय गुड्डी बाई डंपर की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नटेरन बस स्टैंड पर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने सड़क के बीच मोटरसाइकिलें खड़ी कर दीं और स्वयं भी वहीं बैठ गए। ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों से डंपरों का संचालन बंद किया जाए और उन्हें केवल रात के समय ही चलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। सूचना मिलने पर तहसीलदार आनंद जैन घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीओपी शिखा भलावी मौके पर पहुंचीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके पश्चात् ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में डंपर अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं। पूर्व में भी तेज रफ्तार डंपरों की चपेट में आने से कई हादसे हो चुके हैं।


