जयपुर में गुरुवार रात कहासुनी के बाद दो पक्षो में झगड़ा हो गया। झगड़ा करने वाले दोनों पक्ष आपस में पड़ोसी है। दोनों पक्षों ने हाथापाई के बाद एक-दूसरे पर पथराव किया। झगड़े की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस ने मोर्चा संभाला। पथराव में दो पुलिसकर्मी और एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने तीनों घायलों का हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार करवाया। पुलिस ने राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर दो जनों को हिरासत में लिया है। DCP (साउथ) दिगंत आनंद ने बताया- श्याम नगर के कटेवा नगर में रहने वाले दो पड़ोसियों में रात करीब 10 बजे कहासुनी हो गई। कॉलोनी में आए ट्रक को लेकर हुई कहासुनी ने झगड़े का रुप ले लिया। दोनों ही पड़ोसियों के पक्ष में लोग इकट्ठा होने लगे। करीब डेढ़ घंटे बाद मामला बढ़ने पर एक-दूसरे से हाथापाई शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने हाथापाई के बाद एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। झगड़े की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश पर भी नहीं माने
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस के समझाइश करने के बाद भी झगड़ा शांत नहीं हुआ। पुलिस ने झगड़ा रोकने के लिए पकड़ कर एक-दूसरे से दूर करने की कोशिश की। समझाइश के दौरान पथराव होने पर दो पुलिसकर्मी और एक महिला घायल हो गए। पुलिस ने माहौल बिगड़ता देखकर डरा-धमकाकर दोनों पक्षों को एक-दूसरे से अलग किया। पुलिस ने तीनों घायलों को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर दो जनों को राउंड अप किया है। पहले से चल रहा था झगड़ा
झगड़े में घायल महिला का आरोप है- दोनों ही परिवार पिछले काफी सालों से यहां रह रहा है। राजनीतिक धौंस के चलते कॉलोनी की 30 फीट रोड पर कंट्रक्सन मैटरियल का गोदाम डाल रखा है। गोदाम पर ईंट-पत्थर के ट्रक आए दिन आते-जाते रहते है। रात के समय ट्रकों के कॉलोनी में लगातार आने-जाने पर परेशानी का समाना करना पड़ता है। इसके चलते कई बार पड़ोसी से समझाइस भी की, लेकिन वह नहीं माने। उसके बाद इसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। राजनीतिक धौंस के चलते ही गुरुवार रात को झगड़ा होने पर पुलिस ने हमारे खिलाफ ही कार्रवाई की।


