भीलवाड़ा में हरित संगम, देशभर से आए खिलाड़ी:वन मंत्री ने किया उद्घाटन, फ्लॉवर शो में दिखें 10 हजार फ्लॉवर्स

अपना संस्थान एवं नगर निगम, भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में 10 से 14 जनवरी तक स्थानीय चित्रकूट धाम अवधपुरी में आयोजित हरित संगम 2025 स्वच्छता पर्यावरण मेले का उद्घाटन आज राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, अर्जुन अवार्डी एवं पद्मश्री देवेंद्र झाझडिय़ा ने किया। अपना संस्थान के अंकुर बोरदिया ने बताया कि वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने आज चित्रकूट धाम पहुंच पांच दिवसीय हरित संगम मेले का भगवान श्री राम की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने सर्वप्रथम मुंबई से विशेष रूप से आई प्लास्टिक कचरा रीसाइकिल मशीन का अवलोकन किया, जिससे मिनटों में विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार होते हैं। इसके बाद उन्होंने मेले में लगी स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए दस हजार से अधिक फूलों से सजे फ्लॉवर शो को देखा, जहां विभिन्न किस्मों के हजारों फूलों और प्लांट्स को देख आयोजकों को बधाई दी। प्लांट लवर सोसाइटी के अध्यक्ष सुनील चौधरी, सचिव प्रियंका सोमानी सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद वन मंत्री शर्मा एवं अर्जुन अवार्डी एवं पद्मश्री देवेंद्र झाझडिय़ा ने राजेंद्र मार्ग परिसर में खेल की रेल को भगवा झंडा दिखाकर रवाना किया। वन मंत्री स्वयं ओपन जीप में सवार होकर रैली में शामिल हुए। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि एवं संस्थान सदस्य भी उपस्थित रहे। रैली में हरित संगम मेले से पूर्व आयोजित खेल कूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उप विजेताओं, टीम सदस्यों सहित विभिन्न खेलों से जुड़े भीलवाड़ा के हजारों खिलाड़ियों ने खेल की रेल बनाकर खेलों का प्रदर्शन करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। यह रेल पुनः चित्रकूटधाम अवधनगरी पहुंच संपन्न हुई, जहां पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित हुआ। इनकी रही मौजूदगी इस अवसर पर जिला कलेक्टर नमित मेहता, नगर निगम महापौर राकेश पाठक, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, अपना संस्थान प्रांत सचिव विनोद मेलाना, मेला संयोजक राधेश्याम सोमानी, अपना संस्थान अध्यक्ष श्याम सिंह राठौड़,साधना मेलाना, एडवोकेट राघव आचार्य, क्रीड़ा भारती के राजेंद्र काबरा, रोशन देवपुरा सहित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, उद्योगपति, संस्थान सदस्य, मेला प्रबंधन टीम के सदस्य सहित नागरिकगण उपस्थित रहे। शनिवार को होंगे ये आयोजन 11 जनवरी शनिवार को 1 बजे मेहंदी प्रतियोगिता, 3 बजे चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोपहर 3 बजे मेला प्रांगण में ही खजाने की खोज ट्रेजर हंट, सायं 5.30 बजे संकट मोचन मंदिर से अवधपुरी तक बाल हनुमान जी की शोभायात्रा, 6 बजे से एक दिया राम का एवं श्री राम महाआरती एवं उसके बाद एक शाम राम के नाम आयोजित होगी। सायं 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, कठपुतली एक विलुप्त कला नृत्य, आकर्षण का केंद्र रहेंगे। रोजाना होंगे आयोजन मेले में प्रतिदिन प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी, प्रातः 7 से 8 बजे योगा एवं काढ़ा, अंकुरित नाश्ता वितरण, प्रातः 8.30 से 9.30 बजे तक हवन, प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक यज्ञ का आयोजन होगा। प्रातः 10.30 बजे से प्रतिदिन साइकिल रैली शहर के विभिन्न स्थानों से प्रारंभ होकर चित्रकूट धाम पहुंचेगी। वहीं सुबह 10 से निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर भी आयोजित होगा। दोपहर 1 बजे से खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *