हिंडौन सिटी में बुधवार शाम करीब 4 बजे करौली रोड स्थित बीओबी बैंक के पास रुपयों का तकादा कर रहे एक दुकानदार से कुछ लोगों ने मारपीट की। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दुकानदार को मौके पर मौजूद लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ड्यूटी डॉक्टर डी.एन. शर्मा ने बताया कि घायल की पहचान दानालपुर निवासी जितेंद्र जांगिड़ (35) के रूप में हुई है। मारपीट में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसका उपचार जारी है। जितेंद्र जांगिड़ ने बताया कि उनकी ऊँचे का पुरा में फेब्रिकेशन की थोक विक्रेता की दुकान है। बीओबी बैंक के सामने स्थित एक दुकानदार पर उनका करीब एक लाख रुपए का सामान खरीद का बकाया चल रहा था। बकाया मांगने पर किया हमला
घायल के अनुसार, बुधवार को वह बकाया राशि का तकादा करने पहुंचे थे। आरोप है कि बकाया देने के बजाय संबंधित दुकानदार और 7-8 अन्य लोगों ने सरिया से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर पर चोट लगी। जितेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर उनका मोबाइल फोन और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर घायल जितेंद्र के कई परिचित अस्पताल पहुंच गए।


