नीमकाथाना में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ईडी और सीबीआई सहित संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकाली और जीप स्टैंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नीमकाथाना जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण घसिया, पूर्व विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश खंडेलवाल, अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष नूर दिन कुरैशी, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव बलि, जिला विकास परिषद के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण घसिया ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों को अपने नियंत्रण में ले लिया है और उनका राजनीतिक दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से जुड़े उस मामले का जिक्र किया जो करीब 11 वर्षों से चल रहा था। बिना एफआईआर पूछताछ का आरोप घसिया ने आरोप लगाया कि इस मामले में बिना एफआईआर दर्ज किए राहुल गांधी से 55 घंटे तक पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की बीमारी के बावजूद उनसे भी पूछताछ की गई, जो पूरी तरह अनुचित है। उनका दावा था कि अदालत में ईडी के अधिकारी कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सके, जिसके चलते राहुल और सोनिया गांधी को दोषमुक्त किया गया। केंद्र सरकार पर तानाशाही के आरोप कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को या तो जेल भेज दिया जाता है या उसके घर ईडी-सीबीआई की कार्रवाई कराई जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के सामने लाकर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।


