दो दिन में 600 से अधिक को पेंशन स्वीकृति मिली:सामान्य समस्याओं का 24 घंटे में निस्तारण के निर्देश, शहरी समस्या समाधान शिविर में समस्या लेकर पहुंच रहे लोग

नगर निगम कोटा की ओर से आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। निगम के प्रशासनिक भवन में मंगलवार से प्रारंभ हुए शिविर के महज दो दिनों में ही 600 से अधिक पात्र आवेदकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की प्रथम लेवल स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर तबके को त्वरित और प्रभावी राहत मिले। इसी उद्देश्य से ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो सीधे तौर पर आमजन के जीवनयापन से जुड़े हैं। आयुक्त मेहरा ने कहा कि शिविर में प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े सभी आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है और वर्तमान में निगम स्तर पर पेंशन का कोई भी आवेदन लंबित नहीं है। योजनाओं के आवेदन में भी मिल रहा सीधा फायदा
शिविर के माध्यम से खाद्य सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लिए भी आमजन को ऑन-स्पॉट सहायता प्रदान की जा रही है। बीते दो दिनों में 30 से अधिक लोगों के आवेदन ऑनलाइन कराए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। शिविर के दौरान गणेश नगर निवासी राजेन्द्र कुमार सोनी को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत दूसरी किश्त के रूप में 25 हजार रुपए का लोन स्वीकृत किया गया। राजेन्द्र इंद्र विहार क्षेत्र में फास्ट फूड का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने दो वर्ष पूर्व 10 हजार रुपए की पहली किश्त ली थी, जिसे समय पर चुकाने के बाद अब व्यवसाय विस्तार के लिए दूसरी किश्त प्राप्त हुई। गुरुवार को 13 वार्डों में शिविर, किसी भी दिन आने की छूट
आयुक्त मेहरा ने जानकारी दी कि गुरुवार को 13 वार्डों में शहरी समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें वार्ड 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 40, 49, 68, 72, 73 एवं 74 शामिल हैं। इन शिविरों में संबंधित वार्डों की कॉलोनियों और बस्तियों के नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान, पेंशन, योजनाओं के आवेदन एवं अन्य निगम सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। आमजन की सुविधा के लिए यह भी व्यवस्था की गई है कि व्यक्ति किसी भी दिन शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्या दर्ज करा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *