गिरिडीह | कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों की मदद में विशेष कदम उठाए हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह गिरिडीह मुख्यालय स्थित वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बुजुर्गों, जरूरतमंदों और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि ठंड से किसी भी गरीब को परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का हाल-चाल जाना और उनकी ज़रूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन और रहने की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित वृद्धाश्रम के प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की और संबंधित कर्मियों को उचित निर्देश दिए, ताकि बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें और सरकार की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।


