भास्कर न्यूज | गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र के राजाहता में 14 दिसंबर की देर रात दो पक्षों में हुई पत्थरबाजी और गोलीबारी के मामले में राजाहता निवासी मो. निसार की पत्नी आफरीन प्रवीण ने मंगलवार को पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को आवेदन देकर स्थानीय निवासी मोह. सद्दाम सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आफरीन ने बताया कि 14 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे मोह. सद्दाम अपने गुट के साथ हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज व धमकी देने लगे। मो. सद्दाम के साथ मो. सफरुद्धीन उर्फ माधो, मो. इरफान, इमरान उर्फ डब्ल्यू, मो. नोर्मान, मो. गुफरान, मो. आफताब, मो. सलीम, मो. आबिद, जुबेर आलम, मो. राज, मो. दिलसान, मो. लाड़ला, मो. जाबिद, मो. चुन्नू उर्फ ताजउद्दीन, तोफिक, कमरुद्धीन उर्फ कामो, नसरुद्दीन उर्फ नासो, रुस्तम, रज्जन, कलाम, रियाज और मुन्ना मौजूद थे। आफरीन ने कहा कि मो. सद्दाम, मो. इरफान और सफरुद्धीन के पास पिस्टल थी और उन्होंने घर के दरवाजे पर एक राउंड फायरिंग की। जब उन्होंने इन लोगों को रोकने की कोशिश की, तो सफरुद्धीन और इरफान ने मारपीट की। आरोपियों ने उनके गले से चेन भी छीन ली। आफरीन ने कहा कि यह लोग पहले से दबंगई करते आ रहे हैं और उनके व्यवहार से पूरा परिवार भयभीत है। पचंबा थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले मो. सद्दाम की पत्नी नुसरत प्रवीण ने इसी घटना को लेकर 16 लोगों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।


