पीपलू थानांतर्गत गहलोद में बुधवार को कार सवार बदमाशों ने गांव के दो लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में मुकेश और कालू को गंभीर चोट आई है। जिन्हें परिजन टोंक के निजी अस्पताल लेकर गए। सूचना के बाद पीपलू डीएसपी रामावतार के अलावा शहर कोतवाल बीएल वैष्णव मय पुलिस जाब्ते अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों का उपचार करवाकर घटनाक्रम की जानकारी ली। दोनों घायलों के हाथों व पांवों में फ्रैक्चर हो गया है। स्थानीय लोगों ने हमला करने वाले आरोपियों को बजरी माफिया बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए झाडि़यां लगाकर रास्ता जाम कर दिया। इस पर पीपलू थानाधिकारी रघुवीर सिंह, झिराना थानाधिकारी राजेंद्र घटनास्थल पर मय जाब्ते मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर रास्ता खुलवाया। पीपलू डीएसपी रामावतार ने बताया कि पीपलू थाना क्षेत्र के गहलोद गांव में मारपीट की सूचना पर अस्पताल पहुंचे थे। मारपीट किए जाने के कारण मुकेश और कालू को चोटें लगी है। पुलिस के मुताबिक प्रारम्भिक जांच में दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। घायलों ने नामजद शिकायत दी है। हमला करने वाले सभी लोग मौके से फरार हो गए थे, जिनको ढूंढने के लिए टीम लगाई है। ग्रामीण सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में अवैध रुप से बजरी खनन का काम करते हैं। जिसका विरोध करने पर उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से दिनदहाड़े चौराहे पर मुकेश व कालू पर हमला बोल दिया। गांव के ही रामनारायण ने बताया कि डारडा के आरिफ, हसीन और उसके तीन-चार भाई, बृजराज, रामस्वरुप, जित्या, गणेश, रामसिंह, आशाराम, धर्मेंद्र आदि बजरी की चोरी करते है, बुधवार को सुबह 8 बजे के आस-पास दो कारों में सवार होकर आए और लाठी-डंडो व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर फिलहाल शांति है। टोंक l घटनास्थल पर मय जाब्ते तैनात पीपलू व झिराना थानाधिकारीl टोंक l अस्पताल में भर्ती घायलl


