जिला सांख्यिकी अधिकारी (उप निदेशक) हनुमान मीना गत दिनों शराब पीकर कार्यालय आ गए। कार्यालय में आकर उन्होंने ना केवल हंगामा कर दिया। उन्होंने यहां सहयोगी कर्मचारियों से गाली-गलौज भी कर दी। परेशान कार्मिक एकत्र होकर कलेक्टर के सामने पेश हो गए और लिखित में शिकायत कर दी। कलेक्टर के निर्देश पर टोंक उपखण्ड अधिकारी नशे में धुत्त अधिकारी को लेकर सआदत अस्पताल पहुंचे और उसका मेडिकल कराया। मेडिकल में शराब पीने की पुिष्ट हुई है। वाकया 10 दिसम्बर का बताया जा रहा है। आरोप है कि जिला सांख्यिकी अधिकारी हनुमान मीना इससे पहले भी कई बार शराब पीकर कार्यालय में आकर कार्मिकों के साथ अभद्र व्यवहार कर चुके हैं। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर ने मंगलवार को सांख्यिकी विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर मीना के निलम्बन की अनुशंसा की है। कलेक्टर ने उन्हें अलग से नोटिस भी दिया है। टोंक एसडीएम अस्पताल लेकर गए, पीएमओ की मौजूदगी में मेडिकल कलेक्टर ने तत्काल फोन कर टोंक एसडीएम हुक्मीचंद रोहलानिया को बुलाया। उन्हें हनुमान मीना का मेडिकल कराने का लिखित में आदेश दिया। इसके बाद एसडीएम एवं अन्य कर्मचारी जिला सांख्यिकी अधिकारी को जीप में बैठाकर मेडिकल कराने सआदत अस्पताल की इमरजेंसी में ले गए। वहां पीएमओ और एक अन्य चिकित्सक ने हनुमान मीना का मेडिकल किया। अस्पताल के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिला सांख्यिकी अधिकारी ने स्वयं को अवसाद में बताते हुए कभी-कभी दो घूंट लगा लेने की बात कही। मेडिकल के बाद उन्हें वापस कार्यालय लाकर छोड़ दिया गया। बाद में वे घर चले गए। सआदत अस्पताल सूत्रों के मुताबिक मेडिकल जांच में जिला सांख्यिकी अधिकारी हनुमान मीना के शराब पी रखी होने की पुिष्ट हुई है। सांख्यिकी विभाग के प्रत्यक्षदर्शी कार्मिकों व अस्पताल-प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि 10 दिसम्बर को दोपहर का वक्त था। हनुमान मीना लहराते हुए कमरे में घुसे। कार्यालय में सामने बैठे कार्मिकों से अभद्रता की। टेबल पर रखे कागज फैला दिए। वे पास वाले कक्ष में गए और वहां भी जोर-जोर से बोलने लगे। हंगामे की स्थिति बनी तो विभाग के कार्मिक वहां एकत्र हो गए। उन्होंने हनुमान मीना को घर जाने को कहा तो मीना उनसे उलझ गए और कार्मिकों के साथ गाली-गलौच करने लगे। उनके व्यवहार से क्षुब्ध करीब आधा दर्जन कर्मचारी एकत्र होकर कलेक्टर कल्पना अग्रवाल के समक्ष पेश हो गए और हनुमान मीना के गाली-गलौच करने की लिखित में शिकायत कर दी। जिला सांख्यिकी अधिकारी (उप निदेशक) हनुमान मीना के शराब पीकर कार्यालय में आने की कार्मिकों ने शिकायत दी थी। टोंक उपखण्ड अधिकारी को भेजकर उनका मेडिकल कराया था। हमने उनकी इस हरकत पर नोटिस दिया है, और सांख्यिकी विभाग के उच्चाधिकारियों को मीना के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। सरकारी कार्यालयों में ऐसा बर्ताव सहन नहीं होगा, यह सभी को समझ लेना चाहिए। कल्पना अग्रवाल , कलेक्टर, टोंक हनुमान मीना


