विदिशा| शंकर नगर स्थित राम जानकी मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को कोतवाली पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 1.75 लाख रुपए का चोरी गया सामान बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि मामले की जांच में पुलिस ने 130 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण किया। 65 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई। लगातार की गई पतारसी और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपियों में अफजल अली और अतिउल्लाह उर्फ आशु शामिल हैं। दोनों भोपाल के रहने वाले हैं। इनके पास से तीन बड़े और दो छोटे चांदी के मुकुट, चांदी की नागफनी, करधोनी, ₹2600 नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।


