विदिशा|संभागीय उड़नदस्ते ने बुधवार को शहर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश पटेल, धर्मेंद्र नुनाइया, अखिलेश गंगवार, एडलिन ई. पन्ना और संदीप वर्मा शामिल रहे। टीम ने विदिशा के कई खाद्य कारोबारियों की जांच की। मिर्जापुर स्थित क्रांति इंटरप्राइजेज में खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों का उल्लंघन मिला। साफ-सफाई की स्थिति भी खराब पाई गई। बेतवा मल्टी फूड, मिर्जापुर सागर रोड से सोयाबीन तेल के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। सिद्धार्थ फूड, पीतलमिल से आटे के दो नमूने जांच हेतु लिए गए। क्रांति इंटरप्राइजेज द्वारा लटसाहब शरबती गेहूं की पैकेजिंग बिना खाद्य लाइसेंस के की जा रही थी। इस पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस दिए जाएंगे।


