भास्कर न्यूज | टोंक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रालसा वन व बालिका वर्ष-2025 सृजन की सुरक्षा‘‘ योजना के तहत ग्राम पंचायत सोहेला में 4 नवजात बालिकाओं के जन्म पर पौधारोपण का आयोजन किया गया। चारों बालिकाओं के परिवार के सदस्यों 11-11 पौधे लगाते हुए कुल 44 पौधों का रोपण किया। प्राधिकरण सचिव (अपर जिला न्यायाधीश, टोंक) दिनेश कुमार जलुथरिया ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में बालिकाओं के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम उठाना है। नवजात बालिकाओं के अभिभावकों से पौधे लगवाने के साथ ही पौधों को बढ़ा करने, फलने फूलने की जिम्मेदारी दी गई। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टोंक द्वारा इस अवसर पर चार नवजात बालिकाओं को हरित बालिका का पहचान पत्र जारी कर प्रदान किया गया जिससे कि समय समय पर बालिकाओं को विधिक सेवाओं के साथ साथ राज्य व केन्द्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा सके। जलुथरिया ने बताया कि अक्टूबर और नवम्बर में जन्मी चार नवजात बालिकाओं के जन्म के अवसर पर यह पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विदित रहे रालसा वन व बालिका वर्ष 2025 – सृजन की सुरक्षा’ अभियान की चुनौतियों के समाधान व पर्यावरण-बचत की दिशा में प्रेरणादायक प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिसके तहत नवागंतुक बालिका ‘‘हरित बालिका के जन्म पर 11 पौधे लगाए जा रहे हैं।


