इनोविजन की उड़ान…प्रदर्शनी में दिखा विज्ञान और सृजनशीलता का संगम

सिटी रिपोर्टर | बोकारो डीएवी स्कूल, सेक्टर-4 शुक्रवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा और नवाचार के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यालय में ‘इनोविजन’ के तहत भव्य विद्यालय स्तरीय क्लब प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सृजनात्मक सोच, नवाचार तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के प्रति गहरी रुचि विकसित करना था। कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, साहित्य, कला एवं शिल्प, पर्यावरण, एआई, इनोवेशन, गृह विज्ञान, नृत्य-संगीत एवं सामाजिक विज्ञान क्लब के माध्यम से सक्रिय सहभागिता की। प्रदर्शनी में 350 से अधिक मॉडल, चार्ट, पोस्टर, प्रयोगात्मक परियोजनाएं व रचनात्मक कृतियां प्रदर्शित की गईं। जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। अंग्रेजी क्लब की विला फॉर सेल, बिशप कैंडल स्टिक्स और इमोजी एक्सप्रेशन, हिंदी क्लब का व्याकरण मेला और दो बैलों की कथा, संस्कृत क्लब का गुरुकुलम शिक्षा, धातु रूप व शब्द रूप मॉडल, विज्ञान क्लब के स्मार्ट फार्म मॉडल, डीएनए फिंगर प्रिंटिंग और ब्लाइंड आई ग्लासेस को विशेष सराहना मिली। वहीं इको क्लब के वेस्ट टू बेस्ट, स्मार्ट सिटी और गृह विज्ञान क्लब की फायरलेस कुकिंग व लाइव कुकिंग ने उपयोगिता आधारित सोच को उजागर किया। नृत्य व संगीत क्लब द्वारा वाद्य यंत्रों का समागम तथा कला व शिल्प क्लब की कैनवास पेंटिंग ने प्रदर्शनी को सांस्कृतिक आयाम प्रदान किया। ऐसी गतिविधियों से बच्चों में बढ़ता है आत्मविश्वास : मो. मुमताज प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, साइंस फॉर सोसाइटी बोकारो के महासचिव राजेंद्र कुमार सहित डीएवी समूह के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों ने किया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास, प्रायोगिक दक्षता और नवोन्मेषी सोच को सशक्त करती हैं, जो विकसित भारत की आवश्यकता है। निर्णायकों की भूमिका में विशेषज्ञों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों के कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य एसके मिश्रा ने सफल आयोजन के लिए सभी क्लब प्रभारी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *