शहरी समस्या समाधान शिविर के तहत भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) परिसर में आयोजित शिविर के दौरान अनिरुद्ध नगर कॉलोनी में पार्क भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित परिवाद पर बीडीए ने त्वरित कार्रवाई की और आमजन को राहत प्रदान की। कॉलोनी निवासी जयदेव सिंह, इंदर सिंह, चंद्रपाल सिंह एवं भीम सिंह सहित अन्य की ओर से एक शिकायत आयुक्त कनिष्क कटारिया के समक्ष प्रस्तुत की गई। इसके बाद बीडीए की राजस्व, इंजीनियरिंग एवं प्लानिंग शाखा के अधिकारियों ने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर समझाइश की। निर्माण कार्य को तत्काल बंद कर दिया गया और निर्माणकर्ता को आवश्यक साक्ष्य एवं दस्तावेजों के साथ प्राधिकरण कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मुकेश कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक ज्ञानसिंह, धर्मेंद्र जैन, लोकेश शर्मा (पटवारी), वरिष्ठ प्रारूपकार अश्विनी वैष्णव एवं कनिष्ठ अभियंता नवीन गोयल उपस्थित रहे। दबंगों ने पार्क पर किया कब्जा, पेड़ों को काटने का भी आरोप:- अनिरुद्ध नगर कॉलोनी में यूआईटी (अब बीडीए) भरतपुर द्वारा विकसित पार्क की भूमि पर दबंग भूमाफियाओं द्वारा कब्जा करने की कोशिश और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि पार्क के विकास के लिए सत्र 2014-15 में विधायक कोटे से 6.5 लाख रुपये स्वीकृत थे, लेकिन दबाव के चलते यह राशि वापिस कर दी गई और पार्क का विकास नहीं हो सका। पिछले एक सप्ताह में भूमाफियाओं ने पार्क में स्थायी टीनशेड लगाए और 12 दिसंबर 2025 को जेसीबी मशीन से करीब दस साल पुराने पेड़ों को जड़ सहित उखाड़ दिया। कॉलोनीवासियों ने बताया कि इनमें से दो व्यक्ति राजस्थान पुलिस एवं आरएसी में कार्यरत हैं और केसों की धमकी देकर लोगों को डराते हैं।


