उज्जैन में बीती रात इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 7.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि इससे एक दिन पहले मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया था। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं के कारण शहर में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। सर्द हवाओं के चलते रात के समय लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया, जो बुधवार के 28 डिग्री की तुलना में दो डिग्री अधिक रहा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया था। इस तरह तीन दिन के अंतराल में दिन का तापमान कुल 4 डिग्री बढ़ गया है। पहाड़ों में बर्फबारी का असर उज्जैन जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक राजेंद्र गुप्त के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है।


