रतलाम में क्रीड़ा भारती और चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 23 दिसंबर तक ‘खेल चेतना मेला’ आयोजित किया जाएगा। इस खेल महाकुंभ में शहर के 7 हजार से अधिक स्कूली विद्यार्थी अलग-अलग खेलों में अपना हुनर दिखाएंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। मेले का नेतृत्व फाउंडेशन अध्यक्ष और एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप कर रहे हैं। इस बार खेल मेले का सबसे बड़ा आकर्षण ‘बालिका क्रिकेट’ रहेगा, जो टेनिस बॉल से खेला जाएगा। आयोजन समिति के सचिव मुकेश जैन ने बताया कि अब तक 98 स्कूलों ने सहभागिता दर्ज कराई है। खास बात यह है कि जिस स्कूल के सर्वाधिक खिलाड़ी खेलों में शामिल होंगे, उन्हें विशेष पुरस्कार से नवाजा जाएगा। कॉलेज ग्राउंड से निकलेगी रैली मेले का आगाज 20 दिसंबर को एक भव्य ‘खेल जागृति रैली’ के साथ होगा। यह रैली कॉलेज ग्राउंड से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। बैठक में खेल सलाहकारों और कोचों को समय से पहले मैदानों की सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। तैयारियों की समीक्षा- ये रहे मौजूद आयोजन को लेकर हुई समीक्षा बैठक में क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, अजीत छाबड़ा, राकेश शर्मा, बलवंत भाटी, आरसी तिवारी, अखिलेश गुप्ता, हरीश चांदवानी, संजय वशिष्ठ, राजा राठौड़ और जितेंद्र राणावत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


