बालाघाट में रेलवे और सेतु संभाग के कार्यों में हो रही देरी से आवाजाही में आ रही दिक्कतों को लेकर कलेक्टर ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पहले एक बैठक ली और फिर निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। कलेक्टर का मुख्य ध्यान कार्यों को शीघ्रता से पूरा करवाकर आवाजाही को सुगम बनाना था। कलेक्टर ने रेलवे ओवरब्रिज और जागपुर घाट पुलिया के शीघ्र निर्माण के निर्देश दिए। इसके साथ ही, शहरी क्षेत्र में अंडरपास ब्रिज के बंद होने से प्रभावित हो रहे आवाजाही को देखते हुए, उन्होंने अंडरपास ब्रिज का कार्य जल्द पूर्ण कर यातायात शुरू करने को कहा। भटेरा रोड पर बन रहे ओवरब्रिज निर्माण में ट्रैफिक डायवर्जन एक बड़ी समस्या है। इस संबंध में एसडीएम गोपाल सोनी ने डायवर्जन प्लान प्रस्तुत किया। कलेक्टर मीणा ने सेतु निर्माण संभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों के साथ समन्वय कर बोदा रोड तक चार पहिया वाहनों के लिए सड़क निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी बस स्टैंड के लिए चिह्नित स्थल पर सभी आवश्यक तैयारियां करने और एसडीएम को भू-अर्जन की प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण करने को भी कहा। रेलवे ओवरब्रिज कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश बालाघाट-गर्रा मार्ग और वारासिवनी में वारा रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज में गर्डर लॉन्चिंग में हो रही देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से जिले में यातायात की गंभीर समस्या हो रही है। वारा में सर्विस रोड नहीं बनने से धान के परिवहन में भी परेशानी आ रही है। कलेक्टर ने रेलवे अधिकारियों को इन ब्रिज पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य शीघ्रता से करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि गर्डर लॉन्चिंग की तिथि बार-बार नहीं बढ़ाई जाएगी। कलेक्टर मृणाल मीणा ने सरेखा रेलवे अंडरब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ब्रिज में किए गए सुधार एवं मरम्मत कार्य तथा पानी निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सर्विस रोड निर्माण और अंडरब्रिज से यातायात प्रारंभ करने के संबंध में चर्चा की। सर्विस रोड से बड़े एवं भारी वाहनों के गुजरने से ओवरब्रिज को क्षति पहुंचने की संभावना को देखते हुए, उन्होंने ऐसे वाहनों के सर्विस रोड से निकलने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। ओवरब्रिज की समय सीमा निर्धारित रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि गर्रा रोड़ स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर गर्डर लॉन्चिंग 15 जनवरी को की जाएगी और 15 फरवरी तक ओवरब्रिज से आवाजाही शुरू कर दिया जाएगा। वारा ओवरब्रिज में 10 जनवरी को गर्डर लांचिंग का कार्य किया जाएगा और इसके 15 दिन बाद ओव्हरब्रिज से आवाजाही शुरू कर दिया जाएगा। वारासिवनी-कटंगी रोड के सेरपार चौकी पर बन रहे ओवरब्रिज का कार्य मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि अगासी और उमरी के बीच बन रहे ओवरब्रिज में 10 जनवरी को गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा।


