दौसा जिले के महवा कस्बे में गुरूवार को खाटूश्याम निशान एवं कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्याम भक्तों का जमघट देखने को मिला। यात्रा में स्थानीय विधायक राजेंद्र मीना भी शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ केसरिया निशान लेकर भक्ति भाव के साथ चलते हुए देखे गए। यात्रा में भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं ने डांस किया, जिनके आग्रह विधायक राजेन्द्र मीणा भी अपने कदम थिरकने से नहीं रोक पाए और भजनों पर डांस किया। विधायक को नाचते देख अन्य श्रद्धालुओं ने ठुमके लगाए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। विधायक ने कहा कि खाटूश्यामजी निशान एवं कलश यात्रा भक्तों द्वारा बाबा श्याम के प्रति गहरी आस्था और समर्पण का प्रतीक है। जिसमें महिलाएं कलश और पुरुष ध्वज लेकर पैदल यात्रा करते हैं। यह यात्रा मनोकामना पूर्ति, नकारात्मकता से मुक्ति और विजय के लिए करने की मान्यता है। श्रद्धालुओं का कहना था कि फाल्गुन मेले और जन्मोत्सव के दौरान यह यात्रा भव्य रूप लेती है, जिसमें जयकारे और भजन-कीर्तन होते हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किए जाते रहते हैं।


