धौलपुर के रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित आवासीय कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर पिछले करीब 2 साल से सीवर लाइन ओवरफ्लो हो रही है। कृष्णा धर्म कांटे के पास गंदा और बदबूदार पानी लगातार बह रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
इस कारण मुख्य सड़क पर स्थायी जलभराव, गहरे गड्ढे, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों का गंभीर खतरा बना हुआ है। इस गंभीर समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, नगरीय निकाय एवं स्वायत्त शासन विभाग के मंत्री, सचिव व निदेशक सहित धौलपुर जिला कलेक्टर और राजस्थान के मुख्य सचिव को विस्तृत शिकायतें भेजी हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद धौलपुर और जिला प्रशासन को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। राज्य सरकार के संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को भी बिना स्थल निरीक्षण के झूठी निस्तारण रिपोर्ट अपलोड कर बंद कर दिया जाता है। इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और जनता के साथ अन्याय बताया गया है। निर्देश के बावजदू नहीं हुई कार्रवाई
इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी धौलपुर जिला कलेक्टर और नगर परिषद को समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जो शासनादेशों की खुली अवहेलना मानी जा रही है।
यह मार्ग रीको औद्योगिक क्षेत्र का प्रमुख मुख्य मार्ग है। इसकी बदहाल स्थिति से औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। नए उद्योगों के निवेश और रोजगार के अवसरों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लोगों ने जल्द समस्या के समाधान की मांग की
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सीवर लाइन की स्थायी मरम्मत या पुनर्निर्माण कर गंदे पानी के बहाव को तुरंत रोका जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त मुख्य सड़क का शीघ्र निर्माण और मरम्मत कराने की भी मांग की है।
इसके अतिरिक्त, संपर्क पोर्टल पर किए गए झूठे निस्तारण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का भी पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।


