राजस्थान मरू उड़ान कार्यक्रम जिला स्तर पर हुआ शुरू:जालोर में संवाद कार्यशाला हुई, कलेक्टर बोले- आत्मनिर्भर बनें बेटियां

महिलाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार एवं आत्मरक्षा के साथ ही उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जालोर जिले में राजस्थान मरू उड़ान कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। राजस्थान मरू उड़ान कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कुल चार सत्रों में जिला स्तरीय संवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने बालिकाओं व महिलाओं को स्वयं के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहते हुए अपने आसपास व घर-पड़ोस के परिवेश में जागरूकता फैलाने, वित्तीय साक्षरता अर्जित करने व आत्मनिर्भर बनने की बात कही। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा ने बालिकाओं से वार्ता कर उनके करियर के बारे में जानकारी ली। उन्हें सशक्त बनकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमाशंकर भारती ने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए उचित पोषण, नियमित व्यायाम और व्यक्तिगत स्वच्छता व परिवेश में स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विभिन्न तरीकों पर भी जानकारी दी। राजस्थान मरू उड़ान कार्यक्रम के तहत इन गतिविधियों का होगा आयोजन राजस्थान मरू उड़ान कार्यक्रम के तहत जिला स्तर पर 16 जनवरी को स्तन कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता सेमिनार, 21 जनवरी को अल्प बचत का राजकीय योजनाओं में निवेश द्वारा लाभ प्राप्त करने के लिए वित्तीय प्रबंधन कार्यशाला, गृहणियों को अपने घरेलू कार्य से बचत समय में उद्यम संचालन के लिए घरेलू उद्यम प्रोत्साहन, 24 जनवरी को महिला आत्मरक्षा कार्यशाला, 29 जनवरी को साइबर अपराध से बचाव एवं डिजिटल साक्षरता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। महिलाओं व युवतियों को वाहन चालन कोर्स एवं यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ सुरक्षित वाहन चालन कार्यशाला, 10 फरवरी को 9 से 12 वर्ष तक की बालिकाओं के मानसिक, शारीरिक व भावनात्मक शक्ति के विकास के लिए संवाद कार्यक्रम, 13 फरवरी को ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उत्पादों एवं हैण्डीक्राफ्ट से आय बढ़ाने एवं नवीन तकनीकी की जानकारी के लिए विशेषज्ञ भ्रमण कराया जाएगा। 18 फरवरी को मिलेट कुकीज प्रशिक्षण कार्यशाला, 24 फरवरी को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जिसमें नीट, जेईई, क्लेट के साथ-साथ विदेश में अध्ययन के बारे में जानकारी देने के लिए करियर काउंसलिंग तथा 28 फरवरी को पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन एवं स्वच्छता व कचरा निस्तारण की जानकारी दी जाएगी। इसी प्रकार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आदि के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *